* कोई वीआईपी शुल्क या गुंडा टैक्स नहीं, सौ प्रतिशत हो वितरण

* एसडीएम ने कोटेदारों के साथ बैठक कर चेताया कि अभी तक क्या चलता रहा, भूल जाओ

कोंच-उरई । एसडीएम गुलाब सिंह के तेवर रविवार को देखने लायक थे जब उन्होंने कोटेदारों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि अभी तक क्या करते रहे इसे तो भूल ही जाओ आगे क्या करना है इस पर गौर करें। उन्होंने कहा कि जितनी भी सामग्री उन्हें आवंटित होती है उसका शत प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने जता दिया कि जब तक वह हैं कोई गुंडा टैक्स नहीं, कोई वीआईपी शुल्क नहीं। जिसे लगता है कोटा घाटे का सौदा है वह अपना इस्तीफा दे दे किसी दूसरे को कोटा आवंटित कर दिया जायेगा।

तहसील सभागार में रविवार को एसडीएम की अध्यक्षता में तहसील के कोटेदारों की एक बैठक आहूत की गयी। बैठक में एसडीएम ने अपनी कार्यशैली से अवगत कराते हुये कोटेदारों से दो टूक कहा कि चोरी चकारी विल्कुल नहीं चलेगी जितना भी खाद्यान्न उन्हें आवंटित किया जाये उसका शत-प्रतिशत वितरण कराना सुनिश्चित करें। इस तरह का कोई भी बहाना नहीं चलेगा कि उन्हें इसमें घाटा है या माल कम मिलता है। ये जिम्मेदारी कोटेदार की है कि वो सही तौल कराये और जो भी उसके स्टाक में माल आये उसका सभी उपभोक्ताओं को पूरा-पूरा वितरण करें। कोटेदार अपनी दुकान के बाहर उपभोक्ताओं की सूची लगाये और रेट लिस्ट चश्पा करे। अगर उन्होनें सरकारी खाद्यान्न को काला बाजारी में पकड़ लिया तो कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत बिना किसी संकोच के मुकदमा लिखा दिया जायेगा। अगर कोटेदार को कोई गुण्डा या बीआईपी धमकाये तो उन्हें बतायें। इस मौके पर दिलीप कुमार, वृजमोहन, वीरेन्द्र सिंह, ग्याप्रसाद, मानसिंह, ग्याप्रसाद, सतीश छावला, अवधविहारी, विनोद कुमार, राजाराम, मलखान, सत्यनारायन, वली मुहम्मद, प्रताप सिंह आदि सहित तमाम कोटेदार उपस्थित रहे।

Leave a comment