उरई। बेसिक शिक्षाधिकारी राजेश शाही के पदस्थ होने के बाद से जनपद में नौनिहालों की पढ़ाई का बुरा हाल है। उन्हें शिक्षकों को बेवजह निलंबित कराकर पैसे लेकर उनकी बहाली कर देने के खेल से ही फुर्सत नही है। व्यवस्थाओं पर कोई ध्यान दे तो कैसे।
बेसिक शिक्षा की जनपद में बदहाली का एक और नमूना तब सामने आया जब विकास खंड कुठौंद के ग्राम जहटौली स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जालौन टाइम्स की टीम सर्वे के दौरान पहुंची। बच्चे विद्यालय के अंदर बैठने की बजाय बाहर खुले मैदान में पढ़ रहे थे। इंचार्ज प्रधानाचार्य सीमा कठेरिया से जब इस बारे में पूंछा तो उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन पूरी तरह जर्जर और ढहने की कगार पर है। जिसके कारण बच्चों को अनहोनी से बचाने के लिए उन्होंने भीतर बैठकर पढ़ाने की बजाय बाहर बैठकर पढ़ाते हैं।
सीमा कठेरिया ने बताया कि विद्यालय भवन में मैन गेट से लेकर लैंटर तक की बीम दरक चुकी है। लैंटर के ऊपर गुम्मे व सीमेंट निकल रहा है। उनकी बात से हाल ही में कदौरा ब्लाक में गुलौली के जर्जर विद्यालय भवन के गिर जाने से टीचर व बच्चों के जख्मी होने का हादसा याद आ गया। जब सीमा कठेरिया से पूंछा गया कि आपने इस बारे में विभाग के अधिकारियों को नही बताया तो उन्होंने कहा कि वे कई बार अधिकारियों को जानकारी दे चुकी हैं। लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही है।

Leave a comment