उरई। माधौगढ़ थाने के बंगरा में सर्राफ के साथ हुई तकरीबन 10 लाख रुपये की लूट की वारदात का पर्दाफाश न होने से नाराज सर्राफा व्यवसायियों ने स्वर्णकार युवा क्रांति मंच के बैनर तले गुरुवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
विदित हो कि गत 7 सितम्बर को बंगरा में शाम को अपनी दुकान बंद करके लौट रहे रामबाबू स्वर्णकार को पुलिस चैकी से केवल 50 कदम की दूरी पर मोटर साइकिल पर सवार होकर आये तीन युवकों ने लूट लिया था। सनसनीखेज मामले का मुकदमा तो दर्ज हो गया लेकिन पुलिस की छानबीन में उल्लेखनीय प्रगति न देख बेचैन सर्राफा व्यवसाई आज पुलिस अधीक्षक से गुहार करने पहुंच गये।
सर्राफा व्यवसायियों के प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व स्वर्णकार युवा क्रांति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सोनी और जिलाध्यक्ष बलवीर सोनी कर रहे थे। उनके अलावा दीनदयाल काका, केदार नाथ सोनी, सीता राम, महेंद्र सोनी, चंद्रशेखर, आशीष अग्रवाल, श्यामजी सोनी जालौन, कपिल सोनी, रामजी सोनी अमीटा, अखिलेश सोनी, राजू बंगरा, विवेक कुमार माधौगढ़, अनुराग, अरुण आदि भी पीड़ित रामबाबू स्वर्णकार के साथ थे। प्रतिनिधि मंडल को पुलिस अधीक्षक ने घटना के जल्दी पर्दाफाश का भरोसा दिलाया है।






Leave a comment