उरई। कदौरा ब्लाक के उदनपुर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव में नलकूप के जरिये जलापूर्ति की मांग की है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में बताया कि उदनपुर का एक अलग महत्व है। जहां प्राथमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, पशु सेवा केंद्र, बैंक, डाकघर, इंटर कालेज आदि संस्थायें संचालित हैं। इस गांव में प्रसिद्ध मंशापुरी धाम स्थल भी स्थापित है। जहां प्रत्येक वर्ष श्रीगोपाल महाकुंभ का आयोजन किया जाता है। जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं।
ऐसे महत्वपूर्ण गांव में पेयजल का संकट गहराया हुआ है। जल स्तर नीचे चले जाने से हैंडपंप जबाव दे गये हैं। तालाब सूखा होने से मवेशियों के लिए प्यास बुझाने का संकट रहता है। यह स्थिति गांव की गरिमा के खिलाफ है। ग्राम वासियों का कहना है कि ऐसे में अगर ओवर हैड टैंक के जरिये पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था कर दी जाये तो गांव की समस्या के साथ-साथ पड़ोस के खुटमिली, शहादतपुर व इटौरा बाबनी में भी पेयजल की समस्या का निदान हो सकता है।

Leave a comment