उरई। जालौन नगर पालिका के अध्यक्ष के खिलाफ हिंदू संगठनों ने बिगुल फूंकना शुरू कर दिया है। गौ संपदा संरक्षण शोध संस्थान और युवा हिंदू वाहिनी द्वारा उन्हें लिखी गई खुली चिटठी चर्चा का विषय बनी हुई है।
गौ सम्पदा संरक्षण शोध संस्थान के संस्थापक अनिल शिवहरे और युवा हिंदू वाहिनी के जिला संयोजक राजा सिंह सेंगर ने जालौन नगर पालिका के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता को लिखी खुली चिटठी में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाये हैं। जिससे जालौन में खलबली मची हुई है। चिटठी में कहा गया है कि 1995 में जहां नगर पालिका में 17 प्रतिशत कमीशन कार्यों में वसूला जाता था। वहीं अब यह वसूली 30 से 32 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
नेताद्वय ने कहा कि जब तक गिरीश गुप्ता अध्यक्ष नही थे उनमें ईमानदारी से समाजसेवा का जज्बा था। जिसका उदाहरण उनके द्वारा दो श्मशान स्थलों का सुंदरीकरण है। जिसमें उन्होंने अपने हाथों से सींच-सींच कर वृक्ष भी लगाये हैं। लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठते ही उनके रंग-ढंग बदल गये। उदाहरण यह है कि गत दिनों सांसद की उपस्थिति में हुई बोर्ड मीटिंग में तय किया गया था कि आवासीय भवनों पर 10 प्रतिशत और व्यवसायिक भवनों पर 20 प्रतिशत मात्र कर वसूला जायेगा। लेकिन उनकी शह पर मनमाफिक टैक्स वसूल कर जनता का उत्पीड़न किया जा रहा है जो शर्मनाक है। इसी तरह छोटा बिजली घर के पास नगर पालिका की दुकानों का मामला न्यायालय में विचाराधीन होते हुए भी राजा मूंगफली के नाम से किरायेदारी दर्ज करा दी गई। जिसमें लाखों रुपये की घूस ली जाने की चर्चा है। हाल ही में भारी बजट से कराया गया वृक्षारोपण लापरवाही की भेंट चढ़ा दिया गया। रैनबसेरा के निर्माण में आनाकानी की जा रही है। जबकि शासन से डूडा को काफी पहले इसके लिए निर्देशित किया जा चुका है तांकि असहाय लोगों को आश्रय और भोजन-पानी की व्यवस्था की जा सके। पर व्यक्तिगत लाभ की कोई गुंजाइश न देखकर अध्यक्ष इससे मुंह मोड़े हुए हैं। इसी तरह गोवर्धन गौशाला के लिए स्वीकृत चाहरदीवारी का निर्माण उनकी उदासीनता की वजह से नही हो पा रहा। पक्के तालाब पर मछलियों के शिकार को रोकने की मांग के मामले में भी वे कानों को रुई से बंद किये हुए हैं।
नेताद्वय ने कहा कि वे लोग भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं और अध्यक्ष के आचरण से भारतीय जनता पार्टी की छवि लोगों में खराब हो रही है इसलिए वे लोग अध्यक्ष का खुला विरोध करने के लिए मजबूर हैं।






Leave a comment