उरई। मंगलवार को जालौन में एलआईसी आफिस के पास चेकिंग कर रही विद्युत टीम के साथ हुए झगड़े के मामले में उत्तर प्रदेश विद्युत अधिकारी, कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आज जिले के सभी विद्युत अभियंताओं और कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में धरना दिया। जिसके बाद संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि जालौन के उपखंड अधिकारी नवीन सिंह द्वारा दर्ज कराये गये मुकदमें के अपना दल के जिलाध्यक्ष रामराजा निरंजन सहित सभी आरोपी गिरफ्तार किये जाये और नवीन सिंह के खिलाफ दर्ज छेड़खानी की क्रास एफआईआर रदद की जाये। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि 48 घंटे में मांगों के पूरे न होने पर आंदोलन को और प्रखर रूप दे दिया जायेगा जिससे औद्योगिक व्यवस्था और शांति व्यवस्था प्रभावित हुई तो जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
विदित हो कि मंगलवार की शाम जालौन में उपखंड अधिकारी नवीन सिंह अवर अभियंता गौरव कुमार व अन्य टीम के साथ जब एलआईसी आफिस के पास चैकिंग कर रहे थे उसी समय राजेश शुक्ला के परिसर में कनेक्शन काटने को लेकर विवाद हो गया जिसने झगड़े का रूप ले लिया। बाद में उपखंड अधिकारी नवीन सिंह ने राजेश शुक्ला व उनका साथ देने वाले अपना दल के अध्यक्ष रामराजा निरंजन, मन्ना सिंह और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज करा दिया। दूसरी और नवीन सिंह के खिलाफ भी जालौन कोतवाली में राजेश शुक्ला ने अपने घर की महिलाओं से छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करा दिया। इससे नाराज बिजली विभाग ने कल रात में काफी देर तक जालौन कस्बे में सप्लाई ठप्प रखी।
बुधवार को इस मुददे पर जिले भर के विद्युत अभियंता और कर्मचारी एकत्र हो गये। जिन्होंने अधीक्षण अभियंता कार्यालय में धरना देकर पुलिस कार्रवाई पर विरोध जताया और बाद में जिला प्रशासन को अल्टीमेटम देने के लिए ज्ञापन भेंट किया। इस दौरान संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुमित साहू अन्य पदाधिकारी रामू गुप्ता, नवीन सिंह, विकास सोनी, अभिषेक सचान, अभिषेक सोनकर, गौरव कुमार, जेके यादव, आलोक खरे, अमित शर्मा, अशोक कुमार, नरेंद्र निरंजन, उमाकांति पाण्डेय, अनिल कुमार वर्मा, देवेंद्र सिंह, नरेंद्र श्रीवास, प्रिंस कुमार गुप्ता, शशिकांत शर्मा आदि उपस्थित थे।






Leave a comment