उरई। ग्रामीणों की सहृदयता के कारण बिहार से भटक कर पहुंचे एक मंदबुद्धि की घर वापसी हो गई।
दो दिन पहले एट थाना क्षेत्र के सेवढ़ी निवासी राघवेंद्र यादव किसी काम से एट की ओर जा रहे थे। तभी उन्होंने भिटारा के पास एक युवक को विचित्र हालत में भटकते देखा। उन्होंने भांप लिया कि युवक मंदबुद्धि है। हमदर्दी में वे उसे अपने घर ले आये और उसे खाना खिलाने के बाद आहिस्ते से उससे पूंछातांछी की। इस दौरान उन्हें युवक ने अपना आधार कार्ड दिया जिसमें धनंजय पुत्र गिनोरी ग्राम अमावा थाना बिंद जिला नालंदा बिहार का उसका पता अंकित था। राघवेंद्र ने थाने जाकर छानबीन कराई तो पता चला कि बिहार के थाना बिंद में घरवालों की ओर से उसकी गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस के माध्यम से धनंजय के परिजनों को जैसे ही इसकी सूचना मिली वे लोग बिहार से तुरंत ही उसे लेने के लिए रवाना हो गये। गुरुवार को सुबह धनंजय की मां और उसका चचेरा भाई सेवढ़ी ग्राम पहुंचे। राघवेंद्र यादव ने इसके बाद 100 नंबर डायल करके पुलिस की मार्फत धनंजय को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।






Leave a comment