उरई। कालपी में आपरेशन हाइवे के बाद प्रशासन धार्मिक त्यौहारों को सकुशल निपटाने के लिए पूरी चौकसी बरत रहा है। गुरुवार को अधिकारियों ने मुहर्रम और गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कालपी कस्बे का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक कार्यक्रम के आयोजकों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि कोई भी समस्या उत्पन्न होने पर जानकारी दें तत्काल समस्या का निदान कराया जायेगा।
कालपी कोतवाली परिसर में उप जिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला ने गुरुवार को कोतवाल सुधाकर मिश्रा, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे, सफाई निरीक्षक विपिन कुमार सिंह और जल संस्थान के अवर अभियंता सभापति यादव के साथ बैठक की। इसमें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक छोटेलाल विश्वकर्मा भी मौजूद रहे। बैठक में त्यौहारों की निर्विघ्न व्यवस्था के लिए रणनीति बनाई गई।
इसके उपरांत उप जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ मोहल्ला हरीगंज, हैदरीपुरा, बड़ा बाजार, रामचबूतरा आदि स्थानों पर इमामबाड़ा की व्यवस्थाओं को देखा तथा ताजियादारों से मुलाकात की। भ्रमण के दौरान अफसरों का काफिला नगर के एतिहासिक श्री दरवाजा पहुंचा। विदित हो कि मोहर्रर चांद की 10 तारीख को ताजियों की जुलूस श्री दरवाजा से ही शुरू होगा। अधिकारियों ने दीवान औलिया ग्राउंड में अलाव स्थल को भी देखा। इसके बाद उन्होंने कर्बला ग्राउंड का भी निरीक्षण किया। ताजिया स्थल और मेला में सुरक्षा आदि की पर्याप्त व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिये गये।
इसके बाद अधिकारियों ने टरननगंज बाजार, मिर्जामंडी, रामचबूतरा आदि गणेश झांकी स्थलों का निरीक्षण करके इंतजामों को देखा। उप जिलाधिकारी ने दोनों समुदाय के आयोजकों से कहा कि वे कालपी में त्यौहारों के दौरान सौहाद्र की गौरवाशाली परंपरा को बरकरार रखें।






Leave a comment