उरई। अतिवृष्टि के कारण फसलों की बर्बादी से तबाह किसानों ने माधौगढ़ में उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई।
माधौगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत सुरपतपुरा के ग्राम बुढ़नपुरा निवासी ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को बताया कि अतिवृष्टि के कारण उनके खेतों में लगभग पूरी तरह तैयार अरहर, तिली, बाजारा व उर्द आदि की फसलें जलमग्न होकर नष्ट हो गई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि विजदुवां माइनर तरसौर रजवाहा की खुदाई व सफाई नही हुई है। जिसकी वजह से खेतों में होने वाले जल भराव के चलते रबी के पूर्व सीजन में उनकी गेंहूं, चना, लाही आदि की फसलें भी नष्ट हुईं थीं। रबी और खरीफ दोनों की फसलों से हाथ धो बैठने के कारण उनके घरों में फाकाकशी की नौबत है। वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र साहू, संतोष कुमार, श्यामसुंदर, रविंद्र वर्मा, उदय नारायण, रामऔतार, लाखन सिंह, अनिल कुमार, अजीत कुमार आदि किसान ज्ञापन देते समय मौजूद थे।

Leave a comment