कालपी-उरई। शनिवार को स्थानीय कोतवाली में उप जिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी सुबोध गौतम की संयुक्त अध्यक्षता में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी छोटे-मोटे विवादों का निपटारा थाना दिवस में सार्थक ढंग से करायें तांकि समाज में शांति व्यवस्था कायम रह सके।
थाना दिवस में आज सुबह 10 बजे से फरियादियों की आमदरफ्त शुरू हो गई। मोहल्ला राजेपुरा निवासी नवाजिश खान के शिकायती पत्र पर उनकी प्रतिपक्षी पार्टी को भी साथ में करके लेखपाल प्रमोद दुबे तथा पुलिस दल को विवादित स्थल पर रवाना किया गया। रजनी पुरवार ने मोहल्ला कागजीपुरा में रास्ते की समस्या को लेकर प्रार्थनपत्र दिया। रंगलाल ने मैनूपुर के कोटेदार की शिकायत की। जयकरण ने देवकली गांव के चकरोड को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उरकराकलां में सरकारी खंभे गाड़ने में व्यवधान की शिकायत पर क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर रवाना किया गया।
इस दौरान कोतवाल सुधाकर मिश्रा, कानून व्यवस्था इंस्पैक्टर प्रभुनाथ, उप निरीक्षकगण जगत नारायण, सर्वेश सिंह, मनोज कुमार गुप्ता, राजस्व कानूनगो शिवकुमार गुप्ता, लेखपाल प्रमोद दुबे, हरेंद्र सिंह, शिवकुमार दुबे, बृजेश सिंह चैहान आदि मौजूद रहे।

Leave a comment