उरई। जालौन में विद्युत चैकिंग के दौरान हुए बबाल के बाद दोनों ही पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर कार्रवाई के लिए चलाया जा रहा आंदोलन थमने का नाम नही ले रहा। जिससे प्रशासन और पुलिस हलकान नजर आ रही है।
दो दिन तक जालौन में विभिन्न संगठनों ने उपखंड अधिकारी नवीन कुमार और अवर अभियंता गौरव कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन निकाले और ज्ञापन दिये। इसके पहले झांसी मण्डल के तीनों जिलों के विद्युत अभियंताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में धरना देकर नवीन कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में नामित अपना दल अध्यक्ष रामराजा निरंजन सहित सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी और इसके लिए पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।
अल्टीमेटम का समय पूरा होने के बाद विद्युत अभियंता शनिवार को फिर से तेवर दिखाने पर आमादा हो गये। इसके तहत सभी सहायक अभियंताओं ने अपने मोबाइल बंद करके कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। बताया गया कि अवर अभियंता भी इसी तरह का कदम उठाने वाले हैं जिससे उपभोक्ताओं के लिए सांसत की नौबत आ सकती है।
अभियंताओं के आज के कदम से जाहिर है कि वे झुकने को तैयार नही हैं। जिसकी वजह से पर्दे के पीछे से दोनों पक्षों में समझौता कराने की जो कोशिशें चल रही थीं वे नाकाम नजर आ रही हैं। पुलिस अपने को इस प्रकरण में दो पाटों के बीच फंसता देख रही है। इसलिए इंजीनियरों के रुख ने उसकी परेशानी को और बढ़ा दिया है।






Leave a comment