उरई। सिरसाकलार थाने के ग्राम खड़गुई में रविवार की रात गांव के ही व्यक्ति को एक घर में कूंदकर महिला के साथ जबर्दस्ती के दौरान उसके शोर मचा देने पर महिला के परिजन और अन्य ग्रामीण दौड़ पड़े। बताया जाता है कि आरोपी नशे में था। लोगों को देखकर वह घर में छत पर जा चढ़ा और वहीं से कंूदकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में महिला के परिजनों द्वारा 100 नंबर डायल करने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाने ले आई। उसके विरुद्ध महिला के परिजनों की ओर से छेड़खानी का मुकदमा लिखकर पुलिस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद में आरोपी की डाक्टरी कराई। इस बीच गंभीर चोंटों की वजह से कुठौंद से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में जिला अस्पताल से भी उसे मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया गया। सोमवार को झांसी में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ भी गैर इरादतन हत्या और बलवा का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक का नाम सुनील कुमार बाजपेयी (50वर्ष) बताया गया है। थानाध्यक्ष कुंदनलाल ने बताया कि दोनों ओर से दी गई तहरीर के आधार पर क्रास केस लिखा गया है। सुनील के शव का पोस्टमार्टम झांसी में हो रहा है। छानबीन करने के बाद वास्तविकता के अनुसार कार्रवाई की जायेगी।






Leave a comment