उरई। एक महीने पहले कालपी में बाजार की सड़क पर संदिग्ध अवस्था में एक युवक की मौत हो गई थी। मंगलवार को इस मामले में दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा कालपी कोतवाली में दर्ज कर लिया गया है।
विदित हो कि कालपी की एक शिक्षण संस्था में कार्यरत रहे उरई के मोहल्ला बघौरा निवासी अफसर (29वर्ष) का वहां आना-जाना बना रहता था। अफसर मोहल्ला राजेपुरा में एक घर में ठहरता था जहां उसकी एक महिला से नजदीकी थी। बीते 19 अगस्त को अफसर बाइक से कालपी आया और इसी घर में रुका। इसी दौरान वह जहरीले असर की वजह से सड़क पर दौड़ता देखा गया और भागते-भागते कालपी बाजार में फूलबाग के समीप वह दम तोड़ बैठा।
पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम के बाद सुरक्षित करके प्रयोगशाला में भेजे गये विसरा के परीक्षण रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। इस कारण उसने अभी तक मृतक के परिजनों की फरियाद के बावजूद कोई मुकदमा इस मामले में दर्ज नही किया था। इस मामले में विसरा की परीक्षण रिपोर्ट अभी भी नही आयी है। लेकिन उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप पर आज मृतक के पिता अबरार की तहरीर के आधार पर कालपी के मोहल्ला राजीपुरा निवासी एक युवक और एक युवती के खिलाफ इस मामले में हत्या का मुकदमा लिख लिया गया है।

Leave a comment