जालौन-उरई। मंगलवार को आयोजित नियमित संपूर्ण समाधान दिवस में हड़कंप मच गया जब गुटखा मुंह में भरकर फरियाद करने पहुंचे आधा दर्जन लोगों से जुर्माना वसूल करवाकर अपर जिलाधिकारी ने भविष्य के लिए उनको याद रखने वाली हिदायत दे डाली।
स्थानीय तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आज अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह भी पहुंचे और उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को सुना। स्वच्छता अभियान और सेहत को लेकर आये दिन जारी की जाने वाली चेतावनियों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र में गुटखा खाने का जहरीला चलन बंद नही हो पा रहा। अपर जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में खासतौर से इसको नोटिस किया। उन्होंने फरियाद लेकर आये शंभू सिह शेखपुर बजुर्ग, मुकेश मोहल्ला फर्दनवीस, उदयभान निवासी तरसौल, जीतू त्रिपाठी निवासी नगरी, उमेश मोहल्ला भवानीराम और अवधेश निवासी ग्राम हदरुख को गुटखा मुंह में भरा होने की वजह से पकड़वा लिया और सबक सिखाने के लिए दो-दो सौ रुपये जुर्माना उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह के माध्यम से वसूल करवा दिया। अपर जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि सरकारी कार्यालयों या आयोजनों में गुटखा खाकर आने वालों का यही हश्र किया जायेगा।

Leave a comment