उरई। कोई भूखा न सोये के उद्देश्य के साथ डॉ० राजीव श्रीवास्तव द्वारा आरम्भ किये गए विश्व के पहले अनाज बैंक ने नए तरीके से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस का आयोजन किया। केन्द्रीय समिति, वाराणसी के निर्देशानुसार अनाज बैंक की सभी शाखाओं में विशेष अनाज वितरण के द्वारा प्रधानमंत्री का जन्मोत्सव संपन्न हुआ। इसमें निर्देशित किया गया था कि जिन महिलाओं को नियमित रूप से अनाज वितरण का लाभ मिल रहा है उनके अतिरिक्त कुछ और पात्र महिलाओं को चिन्हित करके उन्हें अनाज वितरित किया जाये। इसी कड़ी में बुन्देलखण्ड के पहले अनाज बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, उरई में भी विशेष अनाज वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। अनाज बैंक की नवनिर्वाचित निदेशक और अनाज बैंक बुन्देलखण्ड जोन की महाप्रबंधक डॉ० अमिता सिंह के द्वारा अनाज प्रदान किया गया। इन चयनित महिलाओं को अनाज के साथ-साथ नया वस्त्र भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ० अमिता सिंह ने कहा कि गरीबों, मजबूरों की सहायता करना पुनीत कार्य है और यदि इसके द्वारा किसी की भूख को मिटाया जा रहा हो तो इसका महत्त्व और बढ़ जाता है। अनाज बैंक द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर कुछ महिलाओं को अनाज वितरित करके समाज में ये सन्देश प्रसारित किया है कि समाज के लोग अपने परिजनों के जन्मदिन अथवा किसी अन्य खुशी के मौके पर गरीब, मजबूर लोगों को अनाज वितरित कर उनको सहयोग प्रदान करें। इससे न केवल खुशी में वृद्धि होती है वरन आत्मिक सुख भी प्राप्त होता है।
इस विशेष वितरण के लिए उरई शाखा प्रबंधक धर्मेन्द्र कुमार ने भौतिक सत्यापन और परीक्षण के बाद आठ महिलाओं को चयनित किया। अनाज बैंक में उनके खाते खोलकर इन महिलाओं में गंगावती, शोभा वर्मा, शाहिदा खातून, जीनत परवीन, भूरी, बिटोला देवी, लक्ष्मी देवी, मुन्नी देवी शामिल रहीं। इन महिलाओं को आगे भी प्रतिमाह संपन्न होने वाले दो वितरणों में भी अनाज प्रदान किया जायेगा। इस अवसर पर पौरिक सिंह राणावत, पौरवी सिंह राणावत, डॉ० कुमारेन्द्र सिंह सेंगर उपस्थित रहे।






Leave a comment