उरई। अपना दल के जिलाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के कारण विद्युत अभियंताओं पर शासन ने गाज गिरा दी है। इस चर्चित मामले में जालौन उपखंड के सहायक अभियंता और अवर अभियंता का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है।
मालूम रहे कि गत दिनों जालौन कस्बे में एलआईसी के पास चैकिंग के दौरान उपखंड अधिकारी नवीन कुमार और अवर अभियंता गौरव कुमार की लोगों से झड़प हो गई थी। यह मामला मारपीट तक पहुंच गया था। बाद में उपखंड अधिकारी नवीन कुमार ने कोतवाली में अपना दल के जिलाध्यक्ष रामराजा निरंजन सहित कई लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला व एससीएसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज करा दिया था। जबाव में दूसरे पक्ष से भी उपखंड अधिकारी द्वारा महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ की क्रास एफआईआर लिखाई गई थी। दोनों मुकदमों में एक-दूसरे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अभियंताओं और जालौन कस्बे के लोगों ने प्रदर्शन करके दमखम दिखाया था।
यह भी विदित हो कि प्रदेश भाजपा के सहयोगी दल अपना दल के कोटे के जेल राज्य मंत्री जयकिशन जैकी जिले के प्रभारी हैं। इस कारण सरकार को अपना दल के जिलाध्यक्ष के खिलाफ अभियंताओं द्वारा लिखाई गई रिपोर्ट बेहद नागवार गुजरी। अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में सहायक अभियंता नवीन कुमार को बांदा जनपद और अवर अभियंता गौरव कुमार को जिले में ही रामपुरा स्थानांतरित कर दिया गया है। दोनों कार्यमुक्त किये जा चुके हैं।






Leave a comment