उरई। दलित से तीन से अधिक वर्ष पहले उसकी पुत्री की नौकरी लगवाने का झांसा देकर गांव के व्यक्ति ने ही दो लाख रुपये झटक लिए। बाद में तगादा करने पर रुपये हड़पने वाले गांव के ही दबंग ने जाति सूचक शब्दों के साथ उसे धमकी दी। यह शिकायत पीड़ित ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर आकर अपर पुलिस अधीक्षक से की है।
थाना कुठौंद के शंकरपुर निवासी आशाराम के मुताबिक उसकी बीएससी उत्तीर्ण पुत्री अभिलाषा की संविदा पर अनुदेशक की नौकरी दिलवाने का झांसा देकर गांव के ही अनूप मिश्रा ने उससे 2015 में दो लाख रुपये ठग लिए थे। इस बीच उसने अनूप मिश्रा के कई बार चक्कर लगाये लेकिन उसकी पुत्री की नौकरी का आज तक ओर-छोर नही मिला।
जब उसे आभास हुआ कि अनूप मिश्रा ने धोखा देकर उसकी रकम हथिया ली है और रकम डकार जाने की फिराक में है तो गत 17 सितम्बर को वह अनूप मिश्रा के घर गया और उसने कहा कि उसकी पुत्री की नौकरी लगवाना तुम्हारे बस में नही है। तुम तो मेरी रकम वापस कर दो। इस पर अनूप मिश्रा भड़क गया और जाति सूचक शब्दों के साथ उसे गालियां देने लगा। उसने बुधवार को जिला मुख्यालय पर अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी से इसकी शिकायत की। सुरेंद्र नाथ तिवारी ने जांच के आदेश जारी कर दिये हैं।






Leave a comment