उरई। कालपी में फोरलेन के अधूरे कार्य के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने नई ठेकेदार कंपनी चुन ली है। सेतु निर्माण की विशेषज्ञ मानी जाने वाली एफको एजेंसी लखनऊ को यह ठेका दे दिया गया है। नई कंपनी ने एग्रीमेंट के बाद बुधवार से काम शुरू कर दिया है।
आटा स्थित हाइवे टोल प्लाजा में नई कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर महेश कुमार ने कालपी के नागरिकों के प्रतिनिधि मंडल को बताया कि सबसे पहले सड़क के दोनों ओर 18-18 फुट चौड़ाई के सर्विस रोड को बनाया जायेगा। सर्विस लेन का निर्माण होने के बाद 18 फीट ऊंचे ओवर ब्रिज के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जायेगा। इसमें चार अलग-अलग स्थानों पर सड़क क्रास करने के लिए अंडर पास बनेगें। जिसमें खानकाह शरीफ के सामने 60 मीटर लंबाई का अंडर पास निर्मित होगा। मुन्ना फुल पावर चौराहे पर भी इतनी ही लंबाई का अंडर पास बनाया जायेगा। जबकि एमएसबी इंटर कालेज चौराहे पर 15 मीटर और मधु टंडन महाविद्यालय के सामने 10 मीटर लंबा अंडर पास निर्मित कराया जायेगा।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2019 तक ओवर ब्रिज और सर्विस रोड का कार्य कंपलीट हो जायेगा। इस मौके पर खानकाह मुहम्मदिया की प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष हाजी मदे खान, तौकीर खान, सलीम अंसारी, सल्लू बरकाती मुख्य रूप से मौजूद रहे।






Leave a comment