कुठौंद-उरई। एक जनप्रतिनिधि की सरपरस्ती हासिल होने की वजह से खनन माफिया पुलिस और प्रशासन को चुनौती देते हुए मिटटी खनन से एक बार पकड़े जाने के बावजूद बाज नही आ रहा। नाहिली के प्रधान ने कल देर रात पुलिस कप्तान को फोन पर इस कारगुजारी से अवगत कराया जिस पर तत्काल एक्शन लेते हुए उन्होंने कुठौंद पुलिस को मौके पर भेजा। पुलिस कार्रवाई में खनन में लगी जेसीबी, दो ट्रैक्टर और तीन ट्राली मौके से पकड़कर जब्त कर लिए गये हैं।
मालूम रहे कि मिटटी माफिया के रूप में पहचान बना चुके बृजराज यादव के द्वारा नाहिली में बांध के पास अर्से से जेसीबी के जरिये मिटटी का अवैध खनन दिन-रात धड़ल्ले से जारी है। पत्रकारों द्वारा यह मामला उठाये जाने पर बृजराज ने उनको धमकी दी जिसका पुलिस ने मुकदमा कायम कर लिया था। फिर भी बृजराज के हौसले पस्त नही हुए।
बीती रात नाहिली के प्रधान ने पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी को मोबाइल पर इस बारे में बताया तो रात में ही उन्होंने फोर्स भेज दिया। पुलिस को देखकर पहले तो उसने एक जनप्रतिनिधि का नाम लेकर ट्रेलर दिखाने की कोशिश की लेकिन पुलिस के सख्त हो जाने पर वह गुर्गो सहित मौके से खिसक गया। इस दौरान दर्जनों ट्रैक्टर मिटटी भरने के लिए खड़े थे उनमें भगदड़ मच गई। फिर भी पुलिस ने जेसीबी मशीन, दो ट्रैक्टर और ट्राली जब्त कर लिए। जेसीबी मशीन के ड्राइवर सतीश निवासी जरगांव थाना दिनारा जिला शिवपुरी को भी हिरासत में ले लिया गया है। आज दिन भर पुलिस कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

Leave a comment