उरई। आगरा से लाखों रुपये का माल लादकर चंपत डीसीएम ड्राइवर का कुठौंद कनेक्शन उजागर होने पर जनपद की कुठौंद थाना पुलिस द्वारा गुरुवार को एक होटल पर दबिश दी गई। इस दौरान ड्राइवर तो मौके से भाग निकला लेकिन माल सहित डीसीएम बरामद कर ली गई।
आगरा से पांच सौ गत्ते फार्चून आयल लादकर 8 सितम्बर को डीसीएम अलीगढ़ के लिए रवाना की गई थी। रास्ते में डीसीएम ड्राइवर के मन में खोट आ गया। जिससे वह अलीगढ़ की ओर जाने की बजाय उल्टा भागकर कुठौंद आ गया। इस बीच डीसीएम मालिक ने 11 सितम्बर को आगरा के सिकंदरा थाने में ड्राइवर के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज करा दिया। छानबीन के दौरान यह बात प्रकाश में आई कि ड्राइवर अवधेश चौहान निवासी पिपरौली थाना नारकीय जिला फिरोजाबाद डीसीएम और माल को हड़पने के बाद कुठौंद में पहुंचकर छिप गया है।
आगरा पुलिस से मदद का अनुरोध मिलने पर कुठौंद थानाध्यक्ष सुनील तिवारी ने ड्राइवर का पता लगाने के लिए मुखबिरों का जाल फैला दिया। गुरुवार को अवधेश चौहान की लोकेशन मालूम होते ही उन्होंने बताई गई जगह पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवधेश चौहान तो भाग निकला लेकिन उसके द्वारा तिरपाल ढाककर जगदंबा होटल के पास खड़ी की गई डीसीएम जब्त कर ली गई। डीसीएम में पूरा माल भी मिल गया है।

Leave a comment