उरई। समाजवादी पार्टी के ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मामले में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में दो फाड़ के आसार बन गये हैं। मामला जालौन जिले की रामपुरा क्षेत्र पंचायत का है।
विदित हो कि क्षेत्र पंचायत चुनाव के समय भारतीय जनता पार्टी ने ममता दोहरे को उम्मीदवार बनाया था। जिनके खिलाफ समाजवादी पार्टी की ओर से दिनेश कुमार को मैदान में उतारा गया था। चुनाव के समय समाजवादी पार्टी सत्ता में थी। जिसके चलते ऐन-केन-प्रकारेण दिनेश कुमार के पक्ष में भारी बहुमत जुट गया और भाजपा प्रत्याशी को हार का मुंह देखना पड़ा।
प्रदेश में निजाम बदलने के बाद से समाजवादी पार्टी के कब्जे वाली सभी संस्थाओं को हथियाने की होड़ भाजपा खेमें में शुरू हो गई। इसी के तहत गत दिनों ममता दोहरे ने रामपुरा क्षेत्र पंचायत के 45 सदस्यों में से 34 सदस्यों के शपथ पत्रों के साथ रामपुरा के ब्लाक प्रमुख दिनेश कुमार के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट के सामने अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया। लेकिन इस मामले में पार्टी के अंदर ही पालेबंदी शुरू हो गई। सपा के ब्लाक प्रमुख के खिलाफ चक्रव्यूह रचने वाले भाजपाई उस समय सकते में आ गये जबकि उन्हीं के विधायक मूलचंद निरंजन के दिनेश कुमार के साथ खड़े हो जाने की जानकारी उजागर हुई। भारतीय जनता पार्टी ने इसे लेकर बबाल मचा हुआ है। हालांकि संगठन अभी इस पर खुलकर कुछ भी बोलने को तैयार नही है।

Leave a comment