कोंच-उरई । गुरुवार को ग्राम अंडा में हैंडपंप से पानी भरने को लेकर दबंग युवक ने एक किशोरी के सिर में लठ मार कर घायल कर दिया। जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अंडा में गुरुवार की सुबह गांव की ही एक नाबालिग किशोरी मीराकुमारी वर्तन लेकर सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। हैंडपंप पर उसका पड़ोसी युवक राजकुमार उर्फ राजू पुत्र घनईं वर्मा नहा रहा था। मीरा ने उससे कहा कि थोड़ा हट जाये तो वह पानी भर ले क्योंकि उसे जल्दी जाना है। राजू बोला कि पहले वह नहायेगा इसके बाद पानी भरने देगा। इसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हो गई और राजू ने पास में पड़ा लठ उठा कर उसके सिर में दे मारा जिससे मीरा घायल हो गई। मीरा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण करा कर एनसीआर में मामला दर्ज कर लिया है।

 

 

Leave a comment