उरई। गोहन थाना क्षेत्र के गढ़िया ग्राम में युवक ने आर्थिक तंगी के चलते कच्चे पशुबाड़ा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के पिता की मौत भी कुछ वर्ष पहले फांसी लगा लेने की वजह से हुई थी।
मृतक का नाम उमेश सिंह राजावत (26वर्ष) पुत्र स्व. जय सिंह बताया गया है। ग्रामीणों के अनुसार उमेश सिंह के पास केवल डेढ़ बीघा जमीन थी। जबकि परिवार में उसका एक छोटा भाई जो इंटर में पढ़ता है उसके साथ रहता था। मां विकलांग है और पत्नी व अपने दो बच्चों के भरण-पोषण का भी जिम्मा उसके कंधों पर था। उसने बाहर जाकर मजदूरी करके गृहस्थी चलाने की कोशिश की पर कामयाब नही हो पाया।
मृतक की पांच बहने हैं जिनमें तीन की शादी तो उसके पिता कर गये थे लेकिन दो बहनों की शादी उसी को करनी पड़ी। जिससे वह और टूट गया था। आर्थिक तंगी की वजह से वह हमेशा तनाव में रहता था। इसीलिए वह अंततोगत्वा आत्मघाती फैसला ले बैठा। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरने के बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

Leave a comment