उरई। रामपुरा में क्षेत्र पंचायत प्रमुख को बदलने के लिए सरगर्मी और तेज हो गई है। भाजपा का एक धड़ा क्षेत्र पंचायत प्रमुख दिनेश कुमार के खिलाफ 34 सदस्यों द्वारा हस्ताक्षरित अविश्वास प्रस्ताव लाने वाली ममता दोहरे के साथ खड़ा हो गया है।
विदित हो कि क्षेत्र पंचायत चुनाव सपा शासन काल में हुए थे। जिसकी वजह से भाजपा की प्रत्याशी ममता दोहरे को सपा के दिनेश कुमार के मुकाबले पराजय का मुंह देखना पड़ा था। लेकिन सरकार बदलने के बाद रामपुरा क्षेत्र पंचायत की राजनीति के हालात करवट बदल चुके हैं। अधिकांश सदस्यों ने क्षेत्र पंचायत प्रमुख दिनेश कुमार के खिलाफ बगावत का बिगुल बजा दिया है।
ममता दोहरे अविश्वास प्रस्ताव पेश करने के बाद तख्ता पलटने के लिए पूरी तरह आश्वस्त थीं लेकिन भाजपा के ही बड़े नेता उनके मंसूबें में जब आड़े आ गये तो वे हतप्रभ रह गईं। इसी बीच भाजपा कार्यकर्ताओं के एक बड़े वर्ग में इस बात को लेकर आक्रोश मचल पड़ा है कि उन्ही के पार्टी के नेता सपा ब्लाक प्रमुख के सगे क्यों बन रहे हैं। इन कार्यकर्ताओं ने सपा शासन में क्षेत्र पंचायत प्रमुख चुनाव में हुई किरकिरी का बदला लेने के लिए दिनेश कुमार के तख्ता पलट को अनिवार्य बताते हुए अविश्वास प्रस्ताव को उसके अंजाम तक पहुंचाने के लिए कमर कस ली है। मजे की बात यह है कि सपा अपने ब्लाक प्रमुख को लेकर खामोशी धारण किये हुए है। जबकि भाजपा में उन्हें लेकर घमासान मच गया है।

Leave a comment