उरई। मजदूरी की तलाश में जा रहे युवकों को कुठौंद थाना क्षेत्र में औरैया रोड पर दौन बिचैली के पास तेज रफ्तार पिकप में टक्कर मार दी जिसमें दो की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
सोमवार को सुबह जालौन के मोहल्ला मुरली मनोहर निवासी कल्लू, दिलशाद और मुन्तसा मोटर साइकिल से मजदूरी तलाशने के लिए जा रहे थे। दौन बिचैली के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकप ने उन्हें टक्कर मार दी जिसमें कल्लू की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि दिलशाद ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीसरे युवक मुन्तसा की भी हालत नाजुक है जिसकी वजह से उसे जिला चिकित्सालय से मेडिकल कालेज झांसी ले जाया गया है।
इन मौतों के कारण मृतकों के परिवारों सहित पूरे जालौन कस्बे में मातम की लहर फैल गई। युवकों के परिजन बेहद गरीब हैं। उनकी दयनीय दशा को देखते हुए पूर्व सभासद शाकिर हसन वारसी, सददू शाह और शहर काजी शाबिर शाह आदि ने उनके घर पहुंच कर सांत्वना दी और प्रशासन से मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने की मांग की।






Leave a comment