उरई। कालपी में डेढ़ दशक से अधूरे पड़े फोरलेन को पूरा कराने का काम दृढ़ निश्चय से शुरू कराने पर कई समाजसेवी संगठन संयुक्त रूप से क्षेत्रीय विधायक और अधिकारियों का अभिनंदन करेगें।
मालूम रहे कि धार्मिक स्थल बीच में पड़ने के कारण डेढ़ दशक से कालपी के पास कानपुर-झांसी हाइवे पर फोर लेन का कार्य अटका हुआ था। जिसकी वजह से यहां आये दिन घंटों जाम लगने के कारण मुसाफिरों के साथ-साथ कालपी के बाशिंदों को भी भारी मुसीबत झेलनी पड़ती थी। धार्मिक स्थल के विस्थापन के लिए सहमति बनाने के चुनौती पूर्ण कार्य से अभी तक नेता और प्रशासन पीछे हटता रहा था। लेकिन मौजूदा जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने दोनों ही समुदाय के धर्माचार्यों को विकास और मानवीय तकाजे का वास्ता देकर धर्म स्थलों के विस्थापन के लिए रजामंद कर लिया। इस काम में पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी ने कंधे से कंधा मिलाकर उनका साथ दिया। उधर क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन ने अधिकारियों की नेकनीयती देखी तो लोगों के बीच सदभाव बनाये रखने का जिम्मा उन्होंने अपने हाथ ले लिया। आखिर कार फोरलेन को पूरा करने की सारी बाधाएं दूर हुई और वर्षों से अटका काम लग गया।
इससे जिला भर अभिभूत है। नतीजतन हौसलाफजाई के लिए भारत विकास परिषद बुंदेलखंड प्रांत, रोटरी क्लब, लायन्स क्लब, गहोई महिला मंडल, अखिल भारतीय हयूमन वैलफेयर एसोसिएशन, इनर व्हील क्लब आफ उरई, अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद, गहोई सेवा मंडल, अखिल भारतीय गहोई प्रगति मंच, लोकमंगल, संस्कार भारतीय, गायत्री परिवार, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, रेडक्रास सोसाइटी और पंतजलि योग समिति ने संयुक्त रूप से 26सितम्बर को जेल रोड स्थित अमन रायल क्लब में सायंकाल 6 बजे से अभिनंदन समारोह के आयोजन की घोषणा की है। जिसमें विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, जिलाधिकारी डा. मन्ना अख्तर और पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी का फोरलेन निर्माण को पूरा कराने के लिए असाधारण योगदान के लिए सम्मान किया जायेगा।

Leave a comment