उरई। साथियों के साथ बेतवा नहाने गये युवक की गहरे पानी में चले जाने की वजह से डूब कर मौत हो गई।
आटा थाना क्षेत्र के परासन गांव में सोमवार की सुबह चार युवक बेतवा में नहाने गये थे। नहाते-नहाते युवक तेज बहाव में फंसकर गहरे पानी में चले गये इनमें से तीन युवक तो जैसे-तैसे बाहर निकल आये लेकिन उनका एक साथी युनुस (20वर्ष) पुत्र इदरीश नदी के अंदर ही लापता हो गया। अंदाजा है कि डूबने से उसकी मौत हो चुकी है। लेकिन उसका शव अभी तक बरामद नही किया जा सका है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव की तलाश के लिए गोताखोर बुलवाये हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इदरीश के पांच लड़कों में युनुस सबसे बड़ा था जिसकी अगले माह शादी तय हो चुकी थी। उसके डूबने की खबर से उसके पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

Leave a comment