उरई। सिरसाकलार थाने के दमरास में देवी मंदिर पर दबंगों ने कब्जा जमा लिया है। गांव के श्रद्धालु नवरात्र की शुरूआत हो जाने के बाद इस शहजोरी को लेकर बेहद उद्वेलित हो रहे हैं। गांव में इसके कारण तनाव देखा जा रहा है।
दमरास के बांशिदें बड़ी संख्या में बुधवार को पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे। जिसमें उन्होंने बताया कि उनके गांव में देवी जी का बड़ा मंदिर है। मंदिर की जगह पर पहलवान सिंह और हरभान सिंह ने कब्जा जमा लिया है। खड़ंजे के रास्ते को उन्होंने झांकर लगाकर और खंभा लगाकर अवरुद्ध कर दिया है। गांव वाले नवरात्र में न तो देवी जी की पूजा अर्चना कर पा रहे हैं और न ही देवी जागरण के कार्यक्रम को आयोजित कर पा रहे हैं। इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। नतीजतन गांव का माहौल खराब हो रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों की शिकायत की जांच के लिए सीओ कालपी को निर्देशित कर दिया है। महेश, अनुराग, रामसिंह, संदीप पाल, अनुराग सिंह, वीरसिंह पाल, संदीप पाल, परशुराम, रामसिंह आदि लोग शिकायती पत्र देने वालों में प्रमुख रूप से शामिल थे।

Leave a comment