
उरई। सिरसाकलार थाना क्षेत्र में यमुना के बीहड़ में एक महिला की नग्न लाश मिलने से सनसनी फैल गई । महिला की बुरी तरह कुचलकर हत्या की गई है । सरसरी तौर पर शव एक दिन पुराना होने का अंदाजा है । अपर पुलिस अधीक्षक सी ओ के साथ मौके पर छानबीन के लिए पहुँचे । शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पायी है । पहचान के लिए पड़ोसी औरैया जनपद की पुलिस से भी सहयोग माँगा गया है ।
औरैया के सीमावर्ती करमुखा के बीहड़ में नीलकंठेश्वर मंदिर के पास चरवाहों ने शनिवार को एक महिला का नग्न शव पड़ा देखा तो वे विचलित हो गए । तत्काल पुलिस को खबर की गई । प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 35 वर्ष के लगभग उम्र की मृतका के शरीर पर ब्लाउज के अलावा कोई कपड़ा नहीं था । मृतका की साड़ी का तो कहीं अता- पता नहीं चला । महिला के सिर को जिस पत्थर से कुचला गया था उसे शव के पास ही खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया । महिला को इतनी बुरी तरह कुचला गया था कि उसके सारे दाँत भी टूट गए थे ।
अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने जालौन सर्किल के उपाधीक्षक संजय शर्मा के साथ मौका मुआयना किया । महिला के साथ हत्या के पहले बलात्कार भी किए जाने की आशंका है । कुछ जानकार ऑनरकिलिंग का अंदेशा जता रहे हैं । अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने कहा कि सभी आयामों को ध्यान में रखते हुए जाँच की जा रही है ।






Leave a comment