उरई । जिले में शिवपाल सिंह के समर्थक तेजी से पैर पसारने में जुटे हैं । इसके तहत ताबड़तोड़ जारी सांगठनिक नियुक्तियों की घोषणा के क्रम में रविवार को शिवपाल सिंह फैन्स एसोसिएशन के नव मनोनीत जिलाध्यक्ष सुमित कुमार त्रिपाठी का परिचय मीडिया से कालपी रोड स्थित श्याम पैलेस उत्सवगृह में कराया गया ।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी सेकुलर के जिलाध्यक्ष लाखन सिंह यादव की उपस्थिति में शिवपाल सिंह यादव फैन्स एसोसिएशन के प्रदेश मंत्री दीपू त्रिपाठी उरगांव ने प्रदेश अध्यक्ष आशीष चौबे के हवाले से यह ऐलान किया । इस अवसर पर लाखन सिंह ने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था चरमरा गई है । किसानों को खाद के लिए लाठिया खानी पड़ रही हैं । बुआई के लिए पानी नहीं मिल रहा है ।

उन्होने कहा कि खुद भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रशासनिक निरंकुशता को ले कर विलाप के लिए मजबूर हो रहे हैं ।  भाजपा के नए जिलाध्यक्ष का यह कहना कि अगर उनके कार्यकर्ताओं की न सुनी गई तो अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी सतारूढ़ पार्टी की लाचारी को उजागर करता है । लोकतंत्र सेनानी की पिटाई के मामले में उनकी दीनदशा उजागर हो चुकी है । कई दिन धरने के बाद भी भाजपाई अधिकारियों को दंडित नहीं करा सके ।

प्रदेश सचिव महबूब अंसारी , बृजेन्द्र द्विवेदी ,आजाद मंसूरी आदि भी उपस्थित थे ।

Leave a comment