उरई । बेसिक शिक्षा विभाग की अनदेखी की वजह से सरकारी स्कूलों की हालत लावारिस जैसी हो गई है जिसका फायदा शहजोर उठा रहे हैं । कदौरा ब्लाक की पथरहटा ग्राम पंचायत के मजरा हिमनपुरा में प्राथमिक पाठशाला की जगह में सीनाजोरी के साथ कब्जा इसका उदाहरण है ।

भू माफियाओं के लिए सरकारी स्कूलों की जमीन सबसे साफ्ट टारगेट के रूप में देखी जा रही है । बेसिक शिक्षाधिकारी जे पी शाही कुभकरण के अवतार साबित हो रहे हैं । उनकी निद्राप्रियता का लाभ उठा कर भू माफिया तपाक से स्कूलों की जगह में मुँह मार देते हैं और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों में कोई जुंबिश नहीं होती ।

हिमनपुरा में बेसिक शिक्षा विभाग की इसी अराजकता की वजह से दबंगों ने कब्जा कर लिया और जब फिर भी कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार को देवीदयाल , शिवपाल , गोरेलाल , सीताराम, देवेन्द्र आदि ग्रामीण जिला मुख्यालय पर आए और उच्चाधिकारियों को इस वाबत अवगत कराया ।  ग्रामीणों ने बताया कि उनके गाँव के विद्यालय की जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है जिससे स्कूल में पढ़ने के लिए आने वाले बच्चों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है ।  इसके अलावा लोगों के खाद गड्ढे व घर के पनारे का पानी और कीचड़ विद्यालय में आ जाता है । जानवरों का मल मूत्र विद्यालय के पास ही डाला जाता है । इस गंदगी से बच्चे बीमार हो रहे हैं ।

ग्रामीणों ने अधिकारियों से कब्जे हटवा कर विद्यालय की जगह सुरक्षित कराने की माँग की । अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया है \

Leave a comment