आटा-उरई । राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित  स्थानीय बस स्टैंड पर पुलिस की अनदेखी के कारण वाहनों के निर्धारित स्थान होने के बावजूद सड़कों पर ऐरा गैरा तिरछा खड़े करने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी ही रहती है ।

ज्ञातव्य हो एन एच पर बस स्टैंड चौराहे से इटौरा, परासन , संदी, अकोढ़ी, पांडेपुर , बारा ,  इमलिया,  जौराखेरा,  बम्होरी आदि एक दर्जन से अधिक ग्रामों के लिए रेलवे फाटक को क्रॉस करती हुई जाने वाली सड़क पर स्थानीय पुलिस का कोई अंकुश न होने के कारण डग्गामार वाहन टेंपो, ऑटो ई-रिक्शा तथा तमाम दोपहिया व्यक्तिगत वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है जिससे नेशनल हाईवे से मुड़कर इस ओर आने वाली वाहनों से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं जबकि हाईवे पर एनएचएआई द्वारा दोनों तरफ वाहनों को खड़े करने के लिए अलग से स्थान सुनिश्चित किया गया है । लेकिन टेंपो , ऑटो , मैजिक आदि  डग्गामार वाहनों के चालक सवारियों की होड़ में हाईवे से आटा की ओर मोड़ पर अपनी गाड़ियां खड़ी कर लेते हैं परिणामस्वरूप उरई तथा कालपी की ओर से आने वाले वाहन इनको न समझ पाने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं । इसी पर रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क के दोनों ओर सब्जियों की दुकानो तथा फलों की ठिलिया लगने के कारण रेलवे फाटक ज्यादातर बंद होने से जाम सा ही लगा रहता है । जिससे लोगों को पैदल निकलने में भी दिक्कत होती है । क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि स्थानीय पुलिस यहां दुकानों पर बैठकर इन वाहनों की धींगामुश्ती को देखती रहती है लेकिन व्यवस्था कायम करने के लिए हस्तक्षेप की कुलबुलाहट उसे बिल्कुल भी महसूस नहीं होती ।

यहां के लोगों ने कई बार थाना पुलिस से इन वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा  करवाने के लिए कहा जिस पर पुलिस ने उक्त वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़े रहने के निर्देश भी एकाध बार दिए । इसके चलते कुछ दिनों तक इस मोड़ पर वाहन नहीं खड़े किएगए लेकिन चार दिन की चाँदनी फिर अंधेरी रात की तर्ज पर  फिर निर्भय होकर वाहन ज्यों के त्यों खड़े किए जाने लगे। हालांकि थानाध्यक्ष एके सिंह का कहना है नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।

Leave a comment