उरई। माधौगढ़ थाना क्षेत्र में फ़ूड पोइज़निंग के कारण एक मजदूर के पूरे परिवार की हालत नाजुक हो गई । इसी बीच 2 बालिकाओं ने दम तोड़ दिया जबकि मां और 3 बच्चों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है जहाँ उनकी हालत संगीन बनी हुई है । तहसील क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंच गए हैं ।

माधौगढ़ थाने के अटागांव में मजदूरी करके जीविका चलाने वाले संतोष के घर में सोमवार की रात त्यौहार की वजह से पूड़ियाँ बनीं थीं । पूरा परिवार इन्हें खा कर सो गया लेकिन रात में ही पूरे परिवार को उल्टियाँ और दस्त शुरू हो गए हालांकि संतोष की तबियत मामूली तौर पर बिगड़ने के बाद थोड़ी देर में सम्हल गई लेकिन इस गफलत में उसने पत्नी और बच्चों की गंभीर होती जा रही हालत पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया । जब आज उनकी आँखें टंगने लगीं तो संतोष के हाथ पैर फूल गए । वह आनन फानन पत्नी शीला देवी ( 43 वर्ष ) और अपने पांचों बीमार बच्चों को ले कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचा जहाँ डाक्टर ने देखते ही 2 बच्चियों स्नेहलता (6वर्ष) और प्रियंका ( 5 वर्ष ) को मृत घोषित कर दिया जबकि शीला और 3 बच्चों शिवम ( 14वर्ष ), राखी ( 9 वर्ष ) और वैष्णवी ( 3 वर्ष ) को भर्ती करके उनका उपचार शुरू कर दिया ।
इस बीच खबर पा कर उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सागर और पुलिस उपाधीक्षक गिरीश कुमार सिंह भी अस्पताल पहुँच गए । उप जिलाधिकारी ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जिस तेल में पूड़ियाँ सिंकी थीं उसके दूषित होने की वजह से संतोष के घर के लोग बीमार हुए या खाने में कोई जहरीला कीड़ा गिर जाने से ऐसा हुआ । फिर भी एहतियात के तौर पर खाद्य निरीक्षक को बुलाकर उन्होने उस दुकान का नमूना भरने के आदेश दे दिये हैं जहाँ से संतोष के घर में रिफायंड आया था ।






Leave a comment