उरई । साहब मेरे बेटे को मार डाला और घटना को एक्सीडेंट का रूप देने की साजिश की । दिल्ली में हुए उसके पोस्टमार्टम में भेद खुल गया लेकिन पुलिस फिर भी कार्रवाई करने में टालमटोल कर रही है । आपसे गुजारिश है कि आप दखल दें जिससे रिपोर्ट दर्ज हो सके और उसे इंसाफ मिल सके ।

मंगलवार को जालौन कस्बे के मोहल्ला हृदयशाह निवासी नज़ीरबख़्श ने कलेक्ट्रेट में आ कर जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर के सामने यह गुहार लगायी । गत 28 अक्तूबर को जालौन में पुलिस मित्र चन्दा उर्फ मुजम्मिल अहमद का संदिग्ध स्थितियों में एक्सीडेंट हो गया था । उसकी उपचार के दौरान दिल्ली के बत्रा अस्पताल में 2 नवम्बर को मौत हो गई । दिल्ली पुलिस ने जब उसका पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि उसको चोटें एक्सीडेंट की वजह से नहीं पिटाई की वजह से आई थीं ।

नजीरबख़्श ने बताया कि घटना के दिन हरदोई गूजर निवासी सोनल सेंगर जो जालौन के ही मोहल्ला च्र्खीवाल में रहने लगा है , का फोन उसके पास आया था जिसमें उसने चन्दा के एक्सीडेंट की खबर दी थी । बाद में वह संदिग्ध हालत में अस्पताल से भाग निकला था । चन्दा से बड़ा बेटा मोहम्मद रिज़वान सी आर पी एफ़ का जवान है । वह अपना परिचय दे कर जालौन के प्रभारी निरीक्षक से मिला था । फिर भी मुक़दमा दर्ज नहीं किया गया । सोनल सेंगर के साथ हरदोई राजा का ही निवासी मंगल याज्ञिक और कपूर सिंह दोहरे प्रधान गोकलपुरा भी हत्या की साजिश में शामिल है ।  डी एम ने उसके मामले की जाँच जालौन के एसडीएम को सौंप दी ।

 

 

Leave a comment