
आटा –उरई । बाल दिवस के अवसर पर मंगलवार को आटा सहित क्षेत्रीय ग्रामीण अंचलों की शिक्षण संस्थाओं में चाचा नेहरू को याद कर बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । इस मौके पर छात्र-छात्राओं के बीच खेलकूद की विभिन्न प्रतियोगिताएं संपन्न हुई । विजेता टीमों के छात्रों को पुरस्कृत किया गया ।

14 नवंबर को मनाए जाने वाले बाल दिवस पर आज बच्चों में अपूर्व उत्साह था । इंटर कॉलेज इटौरा, डॉ आंबेडकर इंटर कॉलेज आटा, अटल बिहारी बाजपेई इंटर कॉलेज उसरगांव आदि शिक्षण संस्थाओं में इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित हुए । बीएमटी इंटर कॉलेज आटा में इस मौके पर सर्वाधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए । विद्यालय के अध्यापकों द्वारा छात्रों को बाल दिवस के बारे में बताते हुए नेहरू जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला गया । चाचा नेहरू भारत के प्रथम प्रधानमंत्री थे । इनका जन्म आज ही के दिन 14 नवंबर 1889 इलाहाबाद में हुआ था। उनका कहना था आज के बालक कल देश के कर्णधार बनेंगे इसलिये उनका उत्साहवर्धन जरूरी है । बच्चों में मानवीय मूल्यों के विकास में बाल दिवस महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है । हम सभी को चाचा नेहरू के गुणों को अपना कर उन्हीं के समान देश की सेवा में अपना पूर्ण योगदान करना चाहिये । अंत में खेल की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विजयी छात्रों को पुरस्कृत किया गया । मिष्ठान वितरण कर छात्रों को सभी संस्थाओं में अध्यापकों द्वारा शुभकामनाएं दी गई।






Leave a comment