कालपी-उरई । स्थानीय काशीराम शहरी  आवास कॉलोनी में विद्युत की व्यवस्था तथा टूटे हेडपंप की समस्या से नागरिक त्रस्त हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारी को मांगपत्र देकर  कालोनी की हालत पर ध्यान देने की मांग की है।

मालूम हो कि मा. कांशीराम शहरी आवास कॉलोनी में  इसी 6 नवंबर को 294 पात्र लोगों को उनके घरों की चाबियाँ  सौंपी गयीं  थी। लेकिन जल निगम तथा विद्युत विभाग की उपेक्षा  के चलते कॉलोनी के वासियों को सुविधाये नहीं मिल पा रही है। कॉलोनी निवासी गुलाम सादिक, सुल्तान अहमद, सुनील कुमार, अजय रायकवार, अशोक कुमार, रजनी तिवारी आदि के साथ सपा नेता वीरेंद्र चौधरी, अफजल अहमद, गुड्डू ने उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला को अवगत कराया कि कालोनी के तमाम हैंडपंपों को सामान अराजक तत्वों ने गायब कर दिया है। फलस्वरूप जनता के सामने पानी का संकट है। इसी प्रकार 11 हजार के.वी.ए के तार लगे है तथा ट्रांसफार्मर नहीं है। इसलिए अंधेरा छाया रहता है।

कॉलोनी के बाशिंदों की शिकायत को प्रशासन ने काफी गंभीरता से लिया है । उपजिलाधिकारी सुनील कुमार शुक्ला ने जल निगम के अवर अभियंता को निर्देश दिया कि खराब हैंडपंपों को सही कराया जाये। इसी प्रकार विद्युत विभाग के एस.डी.ओ ने कहा कि लाइनों को स्थापित करके प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन देकर कॉलोनी को रोशन किया जाये।

 

Leave a comment