कोंच-उरई । आधी सड़क घेरे खड़ी जेसीबी मशीन से हुई जोरदार टक्कर में मृतक हुये विश्वराज का मोबाइल और पर्स एक पहेली बन कर रह गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को उसके पास से ये सामान बरामद नहीं हुआ है जिससे यह साफ है कि किसी ने मृतक की जेबें खलियाई हैं।

गौरतलब है कि रविवार की रात लगभग आठ बजे अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी में इंजीनियर विश्वराज (26) पुत्र कुलदीप सिंह चौहान निवासी परोसा थाना कदौरा अपनी बाइक से कोंच से उरई जा रहा था। ग्राम पडऱी और भदारी के बीच आधी सड़क घेरे खड़ी एक खराब जेसीबी मशीन से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में विश्वराज की मौत हो गई। सूचना पर यूपी 100 तथा कोतवाल संजयकुमार गुप्ता मौके पर पहुंच गए थे और विश्वराज को लेकर सीएचसी भी गए लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के वक्त बाइक सवार प्रतिष्ठित कंपनी का हेलमेट भी पहने था लेकिन टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि हेलमेट भी उसकी जान नहीं बचा सका। मृतक कंपनी के काम से कोंच में संजय अग्रवाल दतिया बाले के यहां आया था और काम निपटाने के बाद उरई लौट रहा था। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालांकि मौका-ए-वारदात पर काफी तलाश की लेकिन उसको मृतक के पास से मोबाइल और पर्स नहीं मिला। कोतवाल ने बताया है कि मृतक के परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है, यदि आती है तो कार्यवाही की जायेगी।

 

Leave a comment