जालौन। ग्राम प्रधान व सचिव द्वारा मिलीभगत कर बिना कार्य कराए ही धनराशि को हड़पे जाने की शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर की है।तहसील क्षेत्र के ग्राम करतलापुर निवासी शेषनारायण, चंद्रशेखर, सेवाराम, कमलेश, सुरेश कुमार, रामनरेश आदि ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके गांव में ग्राम प्रधान व सचिव ने कागजों पर विकास कार्यों को दर्शाकर उनके लिए आई धनराशि का बंदरबांट कर लिया है जबकि हकीकत में कार्य कराए ही नहीं गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के विकास कार्यों की सूची को प्राथमिक पाठशाला की दीवार पर अंकित किया गया है जिसमें चंद्रशेखर के दरवाजे से हरीहर के मकान तक सीसी सडक़ निर्माण, प्रभूदयाल के दरवाजे से बाबू की बगिया तक सीसी सडक़ का निर्माण, अमर सिंह के दरवाजे पर पुलिया निर्माण, पंचायत भवन में मरम्मत का कार्य आदि दर्शाए गए हैं जबकि हकीकत में इनमें से कोई कार्य कराया ही नहीं गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान व सचिव ने उक्त कार्यों को फर्जी तरीके से कागजों पर दर्शाकर धनराशि को हड़प लिया है। ग्रामीणों ने उक्त विकास कार्यों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।







Leave a comment