जालौन। गौशाला में कार्यरत मजदूर को ग्राम पंचायत सचिव द्वारा तीन माह से मजदूरी न दिए जाने से मजदूर परेशान है। इसके बावजूद उसे मजदूरी नहीं मिल रही है। पीडि़त मजदूर ने मजदूरी न मिलने की शिकायत एसडीएम को शिकायती पत्र देकर की है।ग्राम पंचायत खर्रा स्थित गौशाला में साफ सफाई सहित अन्य कार्यों को निपटाने के लिए रामशंकर को मजदूरी पर रखा गया है। मजदूर रामशंकर ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि जब उसे मजदूरी पर रखा गया था तब ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सचिव किरन रावत ने कहा था कि उसे हर महीने मजदूरी दी जाएगी लेकिन पिछले तीन माह से उसे मजदूरी का एक रुपया भी नहीं दिया गया है। तीन माह से रुपए न मिलने से उसके परिवार को चलाने में दिक्कत हो रही है। इस संबंध में वह कई बार ग्राम पंचायत सचिव से मजदूरी की मांग कर चुका है लेकिन उनके द्वारा अभी तक मजदूरी नहीं दी गई है। पीडि़त मजदूर ने एसडीएम को बताया कि वह काफी गरीब है। उसके पास इतने रुपए नहीं हैं कि वह तीन तीन माह तक बिना रुपए मिले काम करता रहे इसलिए परिवार के भरण पोषण को देखते हुए उसे हर माह मजदूरी दिलाई जाए। साथ ही उसकी बकाया तीन माह की मजदूरी भी दिलाई जाए।

Leave a comment