जालौन। लावारिस वाहनों का निस्तारण जल्द से जल्द करें। अभिलेखों रखरखाव ढंग से करें। यह निर्देश एएसपी ने कोतवाली के अद्र्धवार्षिक निरीक्षण के दौरान अधीनस्थों को दिए।अपर पुलिस अधीक्षक डा. अवधेश कुमार सिंह ने सोमवार की दोपहर कोतवाली का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। जिसमें कोतवाली पहुंचकर सबसे पहले उन्होंने कोतवाली की साफ सफाई व्यवस्था को देखा जिससे वह संतुष्ट नजर आए। अभिलेखों के निरीक्षण में रजिस्टर नंबर आठ एवं हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर में कुछ कमियां मिली जिन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मालखाने के निरीक्षण में शास्त्रों के रखरखाव व सफाई को देखा। इसके बाद उन्होंने बैरक और कोतवाली परिसर में बने आवासों को भी देखा। अंत में कोतवाली में खड़े लावारिस वाहनों को देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिन मुकदमों का निस्तारण हो चुका है उससे संबंधित माल व वाहनों को अतिशीघ्र निपटान के निर्देश दिए। वाहनों की नीलामी प्रकिया भी शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने पूर्व हैडमुहर्रिर से मालखाने का चार्ज वर्तमान हेड मुहर्रिर को अतिशीघ्र सौंपने के भी निर्देश दिए। अंत में कोतवाली पुलिस द्वारा एएसपी को गार्ड आफ आनर दिया गया। इस मौके पर सीओ विजय आनंद, प्रभारी कोतवाल अनिल कुमार, चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित, एसआई गंगासागर, बलराम शर्मा, योगेंद्र पटेल आदि सहित समस्त स्टाफ उपस्तिथ रहा। 

Leave a comment