चोरों ने तीन घरों से लाखों के जेवर नकदी उड़ाए, गांव में की फायरिंगएट थाना क्षेत्र के ग्राम बिलायां की घटना

एट। एट थाना क्षेत्र के ग्राम बिलायां में चोरों ने धावा बोल दिया और तीन घरों में घुसकर लाखों के जेवर व नकदी पार कर दिए। आहट मिलने के बाद ग्रामीणों के पुलिस को सूचना देने के बाद चोरों को घेरने का प्रयास किया लेकिन चोरों ने असलहों से फायरिंग शुरू कर दी और भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तीनों घरों से करीब पांच लाख की चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।ग्राम बिलायां में आधी रात के बाद चोरों ने धावा बोला। गांव के लोग उस दौरान अपने अपने घरों में गहरी नींद में सो रहे थे। इस वजह से चोरों की धमाचौकड़ी की आहट महसूस नहीं हुई। गांव के छिंगे के घर में घुसकर चोरों ने करीब एक लाख रुपए की नगदी व डेढ़ लाख रुपए के जेवर पार कर दिए। इसके अलावा गांव के संजीव एवं मामन के घर से करीब तीन लाख रुपए के जेवर नकदी पर हाथ साफ कर दिए। दूसरे घरों में चोरों ने घुसने की कोशिश की लेकिन इसी दौरान गांव वालों को उनकी आहट मिल गई। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए चोरों की पीछा करने की कोशिश की लेकिन चोरों ने फायरिंग शुरू कर दी और दहशत फैलाते हुए भाग गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के इलाके की घेराबंदी की गई परंतु चोरों का पता नहीं चला। एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना से पुलिस की चौकसी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक विनय दिवाकर का कहना है कि चोरी घटना को गंभीरता से लेकर जांच की जाएगी। जल्द आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।चोरों ने एक ही गांव में दो घरों को बनाया निशानाआटा। सोमवार की देर रात चोरों ने आटा थाना क्षेत्र के ग्राम सुनहेटा में दो घरों को निशाना बनाया। चोरों ने गांव के निवासी सुनील राजपूत व शत्रघुन के घर को उस वक्त हमला बोला जब वह अपने परिजनों के साथ सो रहे थे तभी चोर छत के रास्ते घर में घुस गए और घर के कमरे के ताले तोडक़र उसमें रखे बक्से को खोला जिसमें पचास रुपए रखे थे। चोरों ने पैसे लेकर घर की छानबीन की लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद चोरों ने पड़ोस में रहने वाले शत्रुघन के घर को निशाना बनाया और उसके कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ा और उसमें रखी दो जोड़ी चांदी की तोडिय़ां, एक सोने की नाक की कील, चांदी के पांच सिक्के, दो सोने की अंगूठी, चार सोने की चूड़ी आदि बेशकीमती सामान चुरा ले गए। दोनों गृहस्वामी को चोरों के आने जाने की भनक तक नहीं हुई। सुबह जब उनके परिजन जागे तो कमरे खुले व सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। खबर पाकर मौके पर इटौरा चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार सिंह ने जांच पड़ताल की।

Leave a comment