कालपी। कालपी रेलवे पुल से निकल रही ट्रेन की चपेट में आने से चालस वर्षीय व्यक्ति की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। जानकारी मिलते ही जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह कानपुर देहात के ग्राम डिलोलिया बांगर निवासी धनराम पुत्र गंगाचरण सुबह नौ बजे रेलवे पुल के समीप रेल की पटरी से गुजर रहा था। उसी दौरान कानपुर की तरफ से आ रही ट्रेन की चपेट में वह आ गया जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर जीआरपी व परिवारजन घटना स्थल पर पहुंचे। युवक का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर जीआरपी रेलवे पुखरायां कानपुर देहात चौकी प्रभारी शिवशंकर वर्मा पुलिस बल के साथ तथा कोतवाली कालपी के एसआई रामविनोद सिंह एवं उपनिरीक्षक दिनेश प्रजापति पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेते हुए परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर जिला मुख्यालय उरई पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a comment