जालौन। कुठौंदा बुजुर्ग में दस वर्ष पूर्व बनाया गया पंचायत भवन बनने के बाद कुछ ही वर्षों में जीर्णशीर्ण हो गया। एेसी स्थिति में पंचायत संबंधी कार्यों को खुले में निपटाना पड़ता है जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है। परेशान ग्रामीण ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर जीर्णशीर्ण पड़े पंचायत भवन की मरम्मत कराकर उसमें ग्राम पंचायत के कार्य संपन्न कराने की मांग की है।कुठौंदा बुजुर्ग निवासी समाजसेवी गजेंद्र सिंह सेंगर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि उनके गांव में वर्ष 2009-10 में पंचायत भवन का निर्माण कराया गया था लेकिन बनने के बाद दस वर्ष भी पूरे नहीं हुए थे कि पंचायत भवन जीर्णशीर्ण अवस्था में पहुंच गया। बनने के समय ही उक्त पंचायत भवन के मानक के अनुसार न बनने की शिकायत ग्रामीणों ने की थी लेकिन तब शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जीर्णशीर्ण होने के बाद शिकायत की गई तो उसकी जांच तकनीकी समिति से कराई गई थी। पंचायत भवन की मरम्मत कराए जाने का उल्लेख था। इसके बावजूद अभी तक पंचायत भवन की मरम्मत नहीं की गई जिसके चलते ग्राम पंचायत के सभी कार्य खुले में होते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को भी परेशानी होती है। ग्रामीण ने मुख्यमंत्री से उक्त पंचायत भवन की मरम्मत कराकर ग्राम पंचायत की बैठकें उक्त पंचायत भवन में आयोजित कराने की मांग की है।







Leave a comment