जालौन। कोतवाली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान का असर दिखने लगा है। पुलिस ने देवनगर चौराहा व चुंगी नंबर चार के पास से दो युवकों को तमंचा व कारतूस समेत पकड़ा है। दोनों युवकों पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।नगर में रविवार की रात को हुई तोपखाना में फायरिंग की घटना के बाद पुलिस सक्रिय रही। प्रभारी कोतवाल अनिल कुमार को सूचना मिली कि देवनगर चौराहा व चुंगी नंबर चार के पास दो शातिर युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित व एसआई रामचंद्र वर्मा मौके पर पहुंच गए जहां पुलिस को देखते ही वहां खड़े बिलाल निवासी तोपखाना व जोशियाना निवासी ऋषि तिवारी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने बलप्रयोग कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पुलिस ने दोनों के पास से दो तमंचा व चार कारतूस बरामद किए। प्रभारी कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि बिलाल के खिलाफ कोतवाली में दस मामले एवं ऋषि के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेजा गया।

Leave a comment