लखनऊ। यूपी बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षा के लिये तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा जिनके पास माध्यमिक शिक्षा विभाग का प्रभार है, ने बताया कि हाई स्कूल व इण्टर मीडियेट की बोर्ड परीक्षायें 24 अप्रैल से शुरू होगी। हाई स्कूल की परीक्षा 10 मई और इण्टर मीडियेट की परीक्षा 12 मई को समाप्त होगी।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2021 की हाई स्कूल एवं इण्टर मीडियेट की परीक्षायें एक साथ दिनांक-24 अप्रैल 2021 से प्रारम्भ होगी। हाई स्कूल की बोर्ड परीक्षा 12 कार्य दिवसों में सम्पन्न होकर 10 मई को समाप्त हो जायेगी। वही इण्टर मीडियेट की बोर्ड परीक्षा 15 दिवसों में सम्पन्न होकर दिनाक-12 मई 2021 को समाप्त होगी। उन्होने बताया कि विगत वर्ष 2020 में भी हाई स्कूल की बोर्ड परीक्षा 12 तथा इण्टर मीडियेट की परीक्षा 15 कार्य दिवसों में सम्पन्न हुयी थी। दोनो परीक्षाओं में समग्र रूप से 31 लाख 47 हजार 793 बालक तथा 24 लाख 56 हजार 20 बालिकायें कुल 56 लाख तीन हजार 813 परीक्षार्थी पंजीकृत है जबकि वर्ष 2020 की हाई स्कूल परीक्षा में 30 लाख 24 हजार 480 तथा तथा इण्टर मीडियेट परीक्षा में 25 लाख 86 हजार 339 इस तरह कुल 56 लाख 10 हजार 819 परीक्षार्थी पंजीकृत हुये थे।
उप मुख्यमंत्री ने परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्र छात्राओं को संदेश दिया कि परीक्षा तिथि की घोषणा समय से कर दी गयी है। छात्र छात्राओं को परीक्षा की तैयारी के लिये काफी समय मिल रहा है। परीक्षा को एक पर्व मानते हुये प्रसन्नचित होकर पूर्ण मनोयोग एवं उत्साह के साथ परीक्षा में शामिल हों।








Leave a comment