धारदार हथियार से ट्रक चालक की हत्या,ढाबे के पीछे मिला शव

उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र अंतर्गत मदारीपुर के पास ढाबे के पीछे खून से लथपथ हालत में ट्रक चालक का शव मिला। उसकी गर्दन व सीने पर गहरे घाव देखकर प्रतीत होता है कि धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई है। चालक का मोबाइल फोन व रुपए सुरक्षित मिलने से अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या लूट के इरादे से नहीं बल्कि किसी और वजह से की गई है।सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम मलथुआ निवासी उपेंद्र सिंह (25 वर्ष) पुत्र मिस्टर सिंह ट्रक चालक था और इन दिनों औरैया निवासी मनोज कुमार का ट्रक चला रहा था। डकोर तथा कदौरा क्षेत्र के मौरम घाटों से ट्रक में मौरम लादकर खाली करने औरैया और कानपुर जाता था। मंगलवार को भी वह मौरम लेने के लिए ट्रक लेकर औरैया निकला था। इसी बीच रास्ते में वह कहीं रुक गया। बुधवार की सुबह कुठौंद थाना क्षेत्र में मदारीपुर रोड पर पेट्रोल पंप के सामने स्थित ढाबे के पीछे खून से लथपथ हालत में उसका शव मिला। सुबह टहलने निकने लोगों ने जब शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। थोड़ी ही देर में थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी मौके पर पहुंच गए। फारेंसिक टीम को भी वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित करने के लिए मौके पर बुलाया गया। मृतक उपेंद्र सिंह की जेब की तलाशी ली गई तो उसका मोबाइल फोन पर व रुपए बरामद हुुए हैं। हालात को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है हत्या की पृष्ठभूमि अवैध संबंधों से जुड़ी हो सकती है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के स्वजन भी बदहवास हालत में मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष अरुण तिवारी का कहना है कि संदेह है प्रत्येक बिंदु पर जांच की जा रही है। जल्द कातिलों का पता लगाकर उनको गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a comment