मुहम्मदाबाद में चोरों का आतंक, लाखों की नगदी सहित गहनों पर किया हाथ साफ

  मुहम्मदाबाद। बीते मंगलवार की रात को चोरों ने एक मकान में धावा बोला और जेवरात सहित नकदी पर हाथ साफ कर गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है।मामला डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम मुहम्मदाबाद का है जहां मंगलवार की रात को अज्ञात चोरों ने मुहम्मदाबाद के एक मकान को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार मुहम्मदाबाद निवासी जगत नारायण तिवारी पुत्र शंभूदयाल तिवारी ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है। तहरीर में जगतनारायण ने बताया है कि वह और उनके परिवार के लोग मकान के बगल वाले कमरे में सो रहे थे। जिस कमरे में घर गृहस्थी व अलमारी रखी हुई थी उसमें ताला लगा हुआ था। अज्ञात चोर मकान के पीछे से दीवार पर चढक़र आए और कमरे में लगे ताले को तोडक़र दाखिल हुए और उसमें रखी अलमारी का लाक भी तोड़ डाला जिसमें रखे लाखों रुपए के सोने चांदी के आभूषण सहित ढाई लाख रुपए की नगदी पार कर ले गए। घटना उस समय की है जब पूरा परिवार मकान की दूसरी मंजिल पर सोया हुआ था। उसी बीच चोर मकान में घुस आए और वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता उस समय चला जब पीडि़त परिजन सोकर उठे तो उन्होंने घर का सारा सामान बिखरा देखा और इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। डकोर पुलिस के साथ सीओ संतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। वहीं घटना के संबंध में डकोर थाना निरीक्षक अजय कुमार का कहना है कि यह चोरी किसी करीबी के द्वारा की गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही इस चोरी का खुलासा किया जाएगा।

Leave a comment