माधौगढ़। आर्यावर्त बैंक में उस समय बड़ा हादसा होते होते बच गया। जब बैंक के बाहर रखे जनरेटर में अज्ञात कारणों से आग लग गई और वह धू धूकर जलने लगा। आग की लपटें और धुएं के गुबार से लोगों में अफरा तफरी मच गई लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।माधौगढ़ बंगरा रोड पर स्थित अमृता पैलेस की बिल्डिंग में आर्यावर्त बैंक संचालित है जिसके बाहर जनरेटर रखा हुआ है। बैंक के बाहर काफी भीड़ इकट्ठी रहती है। अगल बगल में दुकान होने के कारण भीड़ और बढ़ जाती है इसी बीच अज्ञात कारणों से जनरेटर में आग लग गई। थोड़ी ही देर में जनरेटर धू धूकर आग की लपटों से जलने लगा जिसके बाद लोग इधर उधर भागे और बैंक के कर्मचारी पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बीएल यादव हलका इंचार्ज योगेंद्र कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया लेकिन सबकुछ ठीकठाक रहने पर राहत की सांस ली। बैंक मैनेजर संजीव कुमार ने कहा कि जेनरेटर में आग लगने के कारण शार्ट सर्किट हो सकता है। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ लेकिन दिन भर के लिए बैंक में काम नहीं हो सका।







Leave a comment