मरणासन्न हालत में मिली एएनएम छात्रा, दोस्त का भी मिला शवमृतक के परिजनों की तहरीर पर छात्रा के मायके व ससुरालवालों के खिलाफ मामला दर्ज

  उरई। गत शाम शहर कोतवाली अंतर्गत घटी दो घटनाओं में एक स्थान पर एक एएनएम छात्रा मरणासन्न हालत में पड़ी मिली तो उसके एक घंटे बाद ही उस स्थान से लगभग आठ किमी दूर उसके दोस्त का शव पड़ा मिला जिसके पास छात्रा की स्कूटी और मोबाइल भी पड़ा मिला। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने छात्रा के मायके और ससुरालवालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।गुरुवार शाम को एएनएम छात्रा भावना के शहर के बाहर हाइवे पर मरणासन्न हालत में मिलने के एक घंटे बाद ही करीब आठ किमी दूर उसके दोस्त सुमित गुप्ता पुत्र विनोद गुप्ता निवासी मोहल्ला विजय नगर कस्बा माधौगढ़ का शव राठ रोड स्थित कुठौंदा पुलिया के पास मिला था। सुमित के पास ही भावना की स्कूटी और एक मोबाइल मिला था जिसमें भावना की फोटो थी जिससे मौके पर पहुंची पुलिस को समझ में आ गया था कि मरणासन्न हालत में मिली भावना और मृत मिले युवक सुमित के बीच में कुछ न कुछ जुड़ाव है। सुमित की मौत की खबर पाकर शुक्रवार सुबह जब उसके घरवाले कोतवाली आए तो उन्होंने भावना के मायकेवालों और उसके ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाया। पिता विनोद के मुताबिक इन लोगों ने मिलकर ही सुमित की हत्या की। मामले को लेकर पिता विनोद ने पुलिस को तहरीर दी जिस पर पुलिस ने छात्रा भावना की मायकेवालों और ससुरालवालों पर धारा 302 और 307 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पिता विनोद ने बताया कि कि कुछ साल पहले सुमित डा. भीमराव अंबेडकर इंटर कालेज भीमनगर में अध्ययन करता था पर भावना की वजह से ही उसे कालेज से निकला गया था जिसके बाद सुमित मध्य प्रदेश से बी फार्मा का कोर्स करने लगा था। साथ ही साथ कस्बे के ही एक प्राइवेट क्लीनिक पर कंपाउंडरी का काम करने लगा था। मामले को लेकर सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया कि मृतक सुमित पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है जिसमें घायल लडक़ी के मायकेवालों और ससुरालवालों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच की जा रही है उसके बाद ही निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a comment