कुठौंद। औरैया क्षेत्र से आरोपी को महोबा ले जा रही एसओजी टीम के साथ उस समय मारपीट हो गई जब टीम के सिपाही एक होटल पर बैठकर खाना खा रहे थे। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई जिसमें एसओजी टीम के सिपाही व होटल के कर्मचारी भी घायल हो गए।गत रात करीब दस बजे महोबा एसओजी ने क्षेत्र के शेखपुर स्थित पूर्व विधायक संतराम सिंह सेंगर के ढाबे पर खाना खाया। यहां ही एसओजी टीम का ढाबा संचालक राघवेंद्र सिंह से विवाद हो गया जिसमें बात इतनी बढ़ गई एसओजी और ढाबा संचालक पक्ष में मारपीट शुरू हो गई और दोनों पक्षों में जमकर बंदूकों की बटें चली जिसमें एसओजी प्रभारी भूपेंद्र सिंह का सिर फट गया जबकि ढाबा संचालक राघवेंद्र सिंह का पैर टूटा। एक अन्य एसओजी का सिपाही भी मारपीट में घायल हुआ। पूर्व विधायक के ढाबे पर बाहरी लोगों द्वारा हुए बवाल की खबर पाकर बड़ी संख्या में गांव के लोग भी वहां आ गए जिससे ढाबे पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। बवाल की खबर पाकर कुठौंद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। मामले को लेकर महोबा एसओजी प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने ढाबा संचालक राघवेंद्र सिंह सहित आशुतोष, अखंड प्रताप, मनोज, राघव और पंकज पूरन के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है जबकि ढाबा संचालक राघवेंद्र सिंह की तरफ से भी एसओजी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने घटना को लेकर कहा कि महोबा एसओजी प्रभारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और ढाबा संचालक द्वारा दी गई तहरीर पर जांच की जा रही है। निष्पक्ष जांच के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी।  

Leave a comment